
उदित वाणी, जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 फरवरी को पुलिस ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र से सटे बागबेड़ा थाना अंतर्गत बागबेड़ा पश्चिम के जटाझुपड़ी में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त की. कार्रवाई स्थानीय निवासी मुनमुन दास के घर पर की गई, जहां से विभिन्न ब्रांडों की 09 पेटियां और 01 छोटा बोरा शराब बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार कुल 80.280 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव अवधि में अवैध शराब के भंडारण और वितरण पर रोक लगाने के लिए सटीक आसूचना के आधार पर छापेमारी दल गठित किया गया था. आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्य दल के पहुंचने से पहले सादे पोशाक में दो सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया. हालांकि, घर के मुख्य द्वार पर ताला बंद मिला और स्थानीय लोगों के असहयोग के कारण आरोपी छत के रास्ते से फरार हो गया.
बरामद शराब को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है. मुनमुन दास के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) एवं 55 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है. फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है.

