
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा पुलिस ने गुरुवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर गांधीनगर बस्ती में छापेमारी कर दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागबेड़ा गांधीनगर निवासी बादल मुखी और करण पात्रो के रूप में हुई है. दोनों आरोपी पड़ोस के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपियों से एक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया गया. बरामद हथियार की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि इसे कहां से लाया गया और किस वारदात में इस्तेमाल करने की योजना थी. साथ ही दोनों युवकों के आपराधिक इतिहास की भी बारीकी से छानबीन की जा रही है.
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में एएसआई संतोष कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनका संबंध किसी बड़े गिरोह से है या नहीं. पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूछताछ से कई अहम खुलासे होने की संभावना है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोग चिंतित हैं. ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के हौसले को पस्त करने में मददगार साबित होगी.
बागबेड़ा पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस ने दावा किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस की तत्परता ने संभावित वारदात को समय रहते रोक दिया.

