
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर नाला के पास से पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अपराधियों में परसुडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला मो. वाजिद (20), मकदमपुर निवासी मो. राज (19) और मो. समीर (20) शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और एक लोहे का चापड़ बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, तीनों अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में संजय नगर नाला के पास इकट्ठा हुए थे. गुप्त सूचना के आधार पर बागबेड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके से धर दबोचा. तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद उन्हें तत्काल हिरासत में लिया गया.
मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है. जांच में सामने आया है कि इन तीनों ने 14 दिसंबर की शाम निरंजन दास पर लोहे के चापड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस घटना के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी.
सिटी एसपी ने आगे बताया कि केवल यही नहीं, बल्कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र की चर्चित खाऊ गली फायरिंग की घटना में भी मो. वाजिद की संलिप्तता सामने आई है. उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर यह भी स्पष्ट हुआ है कि तीनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और ये लगातार अपराध की दुनिया में सक्रिय थे. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

