
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 318 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा रामनगर हनुमान मंदिर के पास रहने वाले सुनील पात्रो उर्फ टकला के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 31 वर्ष बताई जा रही है.
बागबेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर निवासी सुनील पात्रो अपने ही घर के आसपास अवैध रूप से नशे का कारोबार चला रहा है और स्थानीय लोगों को गांजा बेच रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. तलाशी के क्रम में उसके पास से 318 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और बागबेड़ा थाना लाकर उससे पूछताछ की.
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशे के कारोबार से जुड़े कुछ अहम जानकारियां दी हैं. पुलिस अब उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया जाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी.
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी सुनील पात्रो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बागबेड़ा थाना पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

