
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर मंगलवार को रॉयल कॉलोनी में जमीन विवाद को लेकर सेना के जवान रूपेश कुमार पर हमला कर दिया गया. आरोप है कि स्थानीय कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जे की नीयत से मजदूरों के साथ मारपीट की और निर्माणाधीन दीवारें तोड़ दीं.
जानकारी के अनुसार, रॉयल कॉलोनी निवासी रूपेश कुमार अपने नाम से रजिस्ट्री जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे. इसी दौरान बगल के राजू गोस्वामी, ब्रजेश गोस्वामी, सौरभ गोस्वामी ने बड़ौदा घाट चौक निवासी अमित सिंह और करीब 25-30 अन्य लोगों के साथ मिलकर मौके पर धावा बोल दिया. हमलावरों ने मजदूरों की पिटाई की, लोहे की सरिया और अन्य सामान लूट ले गए तथा दीवारें तोड़ दीं.
पीड़ित जवान ने बताया कि उन्होंने तत्काल डायल-100 और बागबेड़ा थाना से मदद मांगी, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची. इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाया है.
रूपेश कुमार ने कहा कि जमीन का मामला वर्षों से चल रहा है और सभी कागजात उनके नाम पर हैं, फिर भी विपक्षी पक्ष जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने एसएसपी से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाने से दूरी मात्र 200 मीटर है, तो पुलिस को घटनास्थल पहुंचने में एक घंटे का समय क्यों लगा—यह जांच का विषय है. फिलहाल मामले ने बागबेड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

