
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित गौड़बस्ती के पास मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में 14 वर्षीय छात्र आयुष कुमार की स्वर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गई. दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन गहरे पानी में समा जाने से उसकी जिंदगी हमेशा के लिए थम गई. आयुष कुमार गोलमुरी थाना क्षेत्र के न्यू केबुल टाउन निवासी ललित कुमार शर्मा का इकलौता बेटा था. वह बारीडीह स्थित आरबीपी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर शाम करीब साढ़े सात बजे मानगो पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आयुष को पानी से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.

गोताखोरों के अनुसार, नदी में फैली जलकुंभी और लगभग दस फीट गहरे पानी में फंसने के कारण आयुष बाहर नहीं निकल सका. आशंका जताई जा रही है कि चट्टानों और जलकुंभी में उलझकर दम घुटने से उसकी मौत हो गई. दुखद पहलू यह भी रहा कि घटना के तुरंत बाद उसके दोस्त उसे वहीं छोड़कर भाग गए, जिसके कारण परिजनों को सूचना मिलने में करीब साढ़े तीन घंटे की देरी हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. इकलौते बेटे की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है. उसके पिता ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच की मांग की है. बताते हैं कि संभवतः रिल्स बनाने के लिए सभी नहाने आए थे.

