
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां रुपये निकालने के दौरान एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया और इसके बाद खाते से 2 लाख 84 हजार रुपये की निकासी हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और एटीएम सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 28 दिसंबर 2025 की सुबह 9 बजकर 6 मिनट की है. सुंदरनगर थाना क्षेत्र के जोंड्रागोड़ा निवासी भीम सोरेन करनडीह चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. मशीन में कार्ड डालने के बाद तकनीकी गड़बड़ी के कारण उनका एटीएम कार्ड बाहर नहीं निकला और मशीन में ही फंस गया. काफी इंतजार और प्रयास के बाद भी जब कार्ड नहीं निकला तो वे परेशान होकर एटीएम केंद्र से घर लौट गए.
बताया जाता है कि घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद भीम सोरेन के मोबाइल फोन पर खाते से 2.84 लाख रुपये की निकासी का संदेश आया. यह संदेश देखते ही वे स्तब्ध रह गए, क्योंकि उन्होंने न तो कोई निकासी की थी और न ही उनका एटीएम कार्ड उनके पास था. पीड़ित का कहना है कि एटीएम कार्ड मशीन में फंसे रहने के बावजूद इतनी बड़ी राशि निकल जाना बेहद गंभीर मामला है.
घटना के आठवें दिन भुक्तभोगी भीम सोरेन ने परसुडीह थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोग एटीएम से लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

