
उदित वाणी, पोटका : कोवाली पुलिस ने सोमवार रात थाना क्षेत्र के गंगाडीह गांव में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे मंगला साई निवासी अशोक गौड़ को हथियार और कारतूस के साथ धर दबोचा. गुप्त सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई से एक संभावित वारदात टल गई.
हथियार, गोलियां और संदिग्ध वस्तुएं बरामद
पुलिस ने अशोक गौड़ के पास से एक हैंडमेड पिस्टल, 9 जिंदा गोली, चार्जेबल टॉर्च, मोबाइल फोन, एसआईएस सिक्योरिटी का पहचान पत्र और अन्य सामग्री एक पिट्ठू बैग से बरामद की. जब पुलिस की टीम गंगाडीह स्थित विक्की वेरायटी स्टोर के पास पहुंची, तो अशोक वहां सिगरेट पीते हुए दिखाई दिया. पुलिस को देख वह भागने लगा, लेकिन बल द्वारा उसे तत्काल पकड़ लिया गया.
डीएसपी ने दी जानकारी, लगातार निगरानी में था क्षेत्र
मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि यह कार्रवाई 15 जुलाई को दर्ज कोवाली थाना कांड संख्या 29/2025 के अनुसंधान के तहत की गई. थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में गश्त कर रहा था. रात 10:35 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और अशोक गौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया.
अपराध की मंशा से करता था क्षेत्र में भ्रमण
थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के अनुसार, अशोक गौड़ नियमित रूप से बेगनाडीह की ओर ड्यूटी के नाम पर जाता था, लेकिन रास्ते में लूट जैसे अपराध की फिराक में रहता था. उसके अन्य सहयोगियों की संलिप्तता भी सामने आई है. हालांकि इस बार पुलिस की तत्परता से घटना टल गई.
जल्द होंगे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

