
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक सूरज शेख की मौत हो गई. सूरज आदित्यपुर-2 स्थित गायत्री स्कूल के पास का रहने वाला था और मुर्शिदाबाद से टाटा-दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौट रहा था. बताया जा रहा है कि ट्रेन जब आदित्यपुर स्टेशन के पास पहुंची, तभी किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी. सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और घायल सूरज को एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. बताया गया कि सूरज किसी निजी काम से मुर्शिदाबाद गया हुआ था और गुरुवार शाम को लौट रहा था. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है.
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है. प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सूरज ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था और प्लेटफॉर्म आने से पहले ही गिर गया. हालांकि, सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगा.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान चलती ट्रेन के दरवाजों के पास खड़े न हों और सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

