
उदित वाणी, रांची : एसीबी की रांची की टीम ने गुमला में बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय में कार्यरत लिपिक राहुल प्रताप को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार एसीबी की टीम को घूस लेने की शिकायत मिली थी. शिकायत की सत्यता की जांच के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई. टीम ने कार्यालय में ही छापेमारी कर राहुल प्रताप को रिश्वत की राशि के साथ दबोचा.
निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के विरोध में चुनाव लड़ रहे 20 से अधिक नेताओं को पार्टी ने दिया कारण बताओ नोटिस
रांची: नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के विरोध में चुनाव लड़ रहे 20 से अधिक नेताओं को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस भेजकर अनुशासनहीनता पर जबाब मांगा है. बताया गया कि नेताओं के पूर्व के ओहदे के अनुसार किसी नेता को प्रदेश कमिटी और किसी को जिला कमिटी द्वारा कारण बताओ नोटिश जारी किया गया है.
भाजपा की गिरिडीह, जमशेदपुर व चाईबासा समेत कई जिलों ने 20 से अधिक नेताओं को पत्र भेजकर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने और उसपर उनका पक्ष मांगा गया है और कहा गया है कि बागियों का जबाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पार्टी आगे की कार्रवाई करेगी. जानकारी के मुताबिक पार्टी द्वारा जिला कमेटियों को स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के विरूध्द खड़े अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया गया है.
वहीं प्रदेश भाजपा के महामंत्री प्रदीप वर्मा ने धनबाद के संजीव सिंह, मुकेश पांडेय, भृगुनाथ महतो को नोटिस भेजकर जबाब मांगा है. देवघर में बाबा बलियासे, पलामू में परशुराम ओझा से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है. चास नगर निगम में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अविनाश कुमार के विरूध्द चुनाव लड़ रहीं परिंदा सिंह को भी पार्टी ने नोटिस भेजा है. उधर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा को राज्य में मेयर प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए झारखंड में ही कैंप करने का निर्देश दिया है. दोनों नेता जमशेदपुर, रांची, धनबाद, देवघर समेत सभी क्षेत्रों में जाकर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं.

