
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटिया बस्ती रोड में चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को घर के लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
घटना के संबंध में लालू कुमार की ओर से कदमा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। दर्ज शिकायत के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब एक बजे यीशु मुखी उर्फ डेफनेट मुखी चोरी की नीयत से घर के अंदर घुस गया था। बताया जाता है कि आरोपी चुपके से घर के भीतर घुसकर सामान पर हाथ साफ करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान घर में सो रहे परिवार के सदस्यों की अचानक आंख खुल गई और उन्हें घर के अंदर संदिग्ध हलचल का आभास हुआ।
परिवार के लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसके बाद मामले की सूचना कदमा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
