
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 21 से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 14 वर्षीय किशोर मोहम्मद फरहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है.
मृतक के पिता पप्पू के अनुसार, घर छोटा होने के कारण फरहान अक्सर पास ही रहने वाली अपनी खाला के घर सोने जाया करता था. मंगलवार रात भी वह वहीं गया था. परिजनों ने बताया कि रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह जब फरहान कमरे में नहीं दिखा, तो उसे ढूंढना शुरू किया गया. इसी दौरान परिजन उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ पाए.
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी तक खुदकुशी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है.
परिजनों और मोहल्लेवालों के मुताबिक, फरहान एक होशियार और शांत स्वभाव का बच्चा था, जो पढ़ाई-लिखाई में अच्छा था और किसी से उलझता नहीं था. उसकी इस असामयिक और अप्रत्याशित मृत्यु से पूरा मोहल्ला स्तब्ध है.
पुलिस अब इस मामले में सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें घरेलू तनाव, मानसिक स्थिति, या अन्य कोई कारण शामिल हो सकता है. परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस फरहान के दोस्तों और मोबाइल फोन की भी जांच कर सकती है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

