
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) ने शुक्रवार 26 दिसंबर को यूनियन के संशोधित संविधान की प्रति तथा हाल ही में आयोजित वार्षिक आम सभा (एजीएम) की कार्यवाही रिपोर्ट झारखंड के श्रमायुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम को सौंप दी. साथ ही, यूनियन ने संशोधित संविधान के औपचारिक पंजीकरण का अनुरोध किया.यूनियन प्रतिनिधिमंडल में जनरल सेक्रेटरी सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज़ आलम शामिल थे.
उन्होंने श्रमायुक्त को वर्तमान संविधान की प्रति, प्रस्तावित संशोधनों की कॉपी तथा एजीएम की विस्तृत कार्यवाही भी प्रस्तुत की. उल्लेखनीय है कि यह कदम हाल ही में यूनियन की आम सभा में सर्वसम्मति से पारित संविधान संशोधनों को कानूनी मान्यता दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है. संशोधनों में नए श्रम कोड तथा कंपनी में हुए संरचनात्मक बदलावों को ध्यान में रखते हुए कई प्रावधान शामिल किए गए हैं.श्रमायुक्त ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया. यूनियन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि संशोधित संविधान शीघ्र पंजीकृत हो जाएगा, जिससे संगठन और मजबूत होगा तथा कर्मचारियों के हितों की बेहतर रक्षा संभव हो सकेगी.

