
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के एनएस ग्रेड से आने वाले कमेटी मेंबरों ने बुधवार शाम 6 बजे यूनियन के कॉन्फ्रेंस रूम में बैठक की. बैठक में बड़ी संख्या में कमेटी मेंबर उपस्थित रहे. बैठक के दौरान न्यू सीरीज के कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन में हो रही लगातार देरी को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया. कमेटी मेंबरों ने कहा कि टॉप थ्री द्वारा एनएस ग्रेड के कर्मचारियों की लंबित मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है.
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि न्यू सीरीज के कर्मचारियों का वेज रिवीजन जो कि लंबे समय से लंबित है, उस पर अब किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. यह केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा हुआ गंभीर मुद्दा है. बैठक में आगे की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. मीटिंग में एनएस ग्रेड से चुनकर आए पदाधिकारी श्याम बाबू और संजीव तिवारी उपस्थित थे.
इस संदर्भ में न्यू सीरीज के सभी कमेटी मेंबरों ने टॉप थ्री से आग्रह किया है कि वे अगली बैठक में उपस्थित होकर कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीर, ठोस और समयबद्ध निर्णय लें. बैठक में समझौते की अवधि, एमजीबी, वीडीए पर प्वाइंट, फिक्स्ड डीए, वार्षिक वेतन वृद्धि, एजुकेशन लोन, ब्लॉक वन और ब्लॉक टू कि नौकरी की सुरक्षा की गारंटी पर चर्चा हुई.
