
कुल यूनियन सदस्यों की संख्या में 50 से गुणा करने पर निर्धारित होगी संख्या
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन की आमसभा शनिवार 13 दिसंबर को टाटा स्टील परिसर के डब्ल्यूजीओ लॉन में हुई. अपराह्न साढ़े तीन से शुरू हुई इस आमसभा में यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने सबसे पहले आमसभा में आए हजारों कर्मचारियों का स्वागत किया. उन्होंने कमेटी के पदाधिकारियों के परिचय के बाद यूनियन के 2024-25 के एकाउंट को पास कराने के लिए कोषाध्यक्ष से कहा. सर्वसम्मति से एकाउंट पास होने के बाद संविधान संशोधन को लेकर प्रक्रिया शुरू हुई. अध्यक्ष ने बताया कि हाल में केन्द्र सरकार द्वारा चार लेबर कोड लागू करने और टाटा स्टील में हुए संरचनात्मक बदलाव के बाद यह लाजिमी हो गया था कि संविधान के वैसे बिन्दुओं में बदलाव किया जाय, जो आज के दौर में प्रासंगिक नहीं रह गया है.

उन्होंने बताया कि इस संशोधन को लेकर कमेटी मेंबरों की बैठक 26 नवम्बर, 28 नवम्बर और 2 दिसंबर को हुई, ताकि इसके बारे में सभी कमेटी मेंबरों के सुझाव लिए जा सके और उनके विचार जाने जा सके. इसके बाद संविधान संशोधन का मसौदा तैयार किया गया और उसे कमेटी मीटिंग से पास कराया गया. इसके बाद यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह ने संविधान में हुए संशोधन के बारे में यूनियन सदस्यों को सिलसिलेवार तरीके से जानकारी दी. अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने इस पर यूनियन सदस्यों की राय जानी. सदस्यों ने संविधान में हुए संशोधन के प्रति अपना समर्थन पेश किया और इसे सर्वसम्मति से पास कर दिया. अंत में यूनियन के डिप्टी प्रेसीडेन्ट शैलेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. आम सभा में टॉप थ्री के अलावा वरीय उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, आमाद दुबे, राजीव चौधरी, संजय सिंह, नीतेश राज, अजय चौधरी, संजीव तिवारी और श्याम बाबू मौजूद थे.
ये हुआ है संविधान संशोधन
1. मौजूदा-अनुच्छेद दस के तहत कार्यकारी समिति का चुनाव तीन साल में एक बार. प्रस्तावित संशोधन में कार्यकारी समिति का चुनाव तीन साल में एक बार या अधिकतम स्वीकार्य अवधि के दौरान, जैसा कि ट्रेड यूनियन अधिनियम समय-समय पर संशोधित अथवा भरातीय औद्योगिक संबंध संहिता 2020 के तहत प्रावधान किया गया हो.
निर्वाचन क्षेत्र के निर्माण को लेकर दिशानिर्देश-एक निर्वाचन क्षेत्र का निर्धारण कुल सदस्यों की संख्या में कुल सीटों की संख्या से भाग देने पर जो संख्या होगी. यही नहीं चुनाव उप समिति आवश्यकतानुसार निर्वाचन क्षेत्र के गठन में सदस्यों की संख्या प्लस 30 या माइनस 30 कर सकती है.
2. अनुच्छेद 12 के तहत भारतीय श्रम संहिता 2020 या किसी अन्य श्रम संहिता या किसी अन्य लागू कानून में किए गए किसी भी संशोधन को इस उपनियम में सम्मिलित माना जाएगा.
3. कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए आवेदन हेतु प्रस्तावक और समर्थक की संख्या क्रमश तीन-तीन होगी तथा पदाधिकारियों के चुनाव के लिए आवेदन हेतु प्रस्तावक और समर्थक की संख्या 4-4 होगी. पदाधिकारियों के नामांकन पत्र को वर्तनी की अशुद्धि या विशिष्ट त्रुटि के आधार पर अस्वीकार नहीं किया जाएगा. उप चुनाव का संचालन निर्वाचन अधिकारी और कार्यकारिणी समिति द्वारा गठित चुनाव उप समिति द्वारा किया जाएगा.
4. कार्यकारी समिति की संरचना-यूनियन के आगामी चुनाव में चुनाव क्षेत्र का निर्धारण चुनाव की अधिसूचना जारी करने की तिथि तक यूनियन के जितने सदस्य होंगे, उसमें 50 से भाग देने पर जो संख्या आएगी, वह निर्वाचन क्षेत्र की संख्या होगी. कमेटी मेंबरों की संख्या कम के कम 160 होगी. कार्यकारी समिति के सदस्य और मानद सदस्य (यदि कोई हो), अपनी पहली बैठक में निर्वाचित कार्यकारी समिति के सदस्यों और मानद सदस्य में से 11 पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे. सह विकल्प (को ऑप्शन) प्रक्रिया द्वारा विधिवत निर्वाचित मानद सदस्य, कार्यकारी समिति के सदस्यों के अतिरिक्त होंगे. हालांकि सत्र के मध्य में होने वाली किसी भी रिक्ति को छह माह के भीतर उप चुनाव या को ऑप्शन के जरिए भरा जाएगा. टाटा स्टील लिमिटेड जमशेदपुर (ट्यूब्स समेत) का कोई पूर्व कर्मचारी, जो यूनियन के उद्देश्यों से सहमत हो और यूनियन के नियमों का पालन करने के लिए सहमत हो वह मानद सदस्य के रूप में को ऑप्शन के लिए पात्र होगा.
5. टाटा वर्कर्स यूनियन अब ट्रेड यूनियनों के फेडरेशन के रूप में काम करेगा.

