
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक गुरूवार को यूनियन परिसर में हुई. बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने की. यूनियन पदाधिकारियों ने टाटा स्टील में होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति चिंता जाहिर की. हाल ही में लॉजिस्टिक्स विभाग में हुई दुर्घटना में मरे कर्मी के प्रति दो मिनट मौन रहकर शोक व्यक्त किया गया. पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के मुद्दे को उठाया और अध्यक्ष से इसका समाधान करने का आग्रह किया. ऑफिस बेअरर्स ने ग्रेड रिवीजन को बेहतर कराने और इस पर प्रबंधन के साथ जल्द वार्ता करने पर जोर दिया.
अध्यक्ष ने कहा कि आईबी प्वाइंट, पेंडिंग आईबी और बोनस पर वार्ता की जाएगी. कॉमन ग्रेड स्ट्रक्चर समझौते का हर हाल में पालन करना है. पदाधिकारियों ने कमेटी मेंबरों की ट्रेनिंग करने के बारे में जानकारी ली, इस पर अध्यक्ष ने कहा कि इसे लेकर प्रबंधन से बात किया जाएगा. उन्होंने सेफ्टी विजिट को जारी रखने पर जोर दिया और कहा कि यूनियन पदाधिकारियों की बैठक समय-समय पर होगी. बैठक में यूनियन के टॉप थ्री समेत सारे पदाधिकारी मौजूद थे.

