
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) आगामी 13 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. कंपनी परिसर स्थित वर्क्स जनरल ऑफिस लॉन में दोपहर साढ़े तीन बजे से होने वाली यह बैठक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है. इस बारे में यूनियन महामंत्री सतीश कुमार सिंह के हस्ताक्षर से नोटिस जारी किया गया है. नोटिस के अनुसार, एजीएम में कमेटी मेंबर्स द्वारा संशोधित संविधान तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंकेक्षित एकाउंट पेश किए जाएंगे.
कर्मचारियों की जानकारी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संशोधित संविधान एवं अंकेक्षित एकाउंट की प्रति 6 से लेकर 11 दिसंबर तक यूनियन कार्यालय में कार्य दिवसों के दौरान उपलब्ध रहेगी, जहां सदस्य इसे देख सकते हैं. यूनियन के वे सदस्य, जो टीएमएच, ट्यूब डिवीजन, टाउन डिवीजन तथा जनरल ऑफिस में कार्यरत हैं, वे अपना गेट पास दिखाकर कंपनी के किसी भी गेट से प्रवेश कर सकेंगे.
आमसभा में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करते समय गेट पास दिखाना अनिवार्य होगा. टाटा वर्कर्स यूनियन का यह एजीएम न केवल संशोधित संविधान को मंजूरी देने बल्कि वित्तीय पारदर्शिता और संगठनात्मक प्रक्रियाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. पिछली एजीएम 15 मई 2015 को आयोजित हुई थी.

