
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील की नोआमुंडी आयरन माइन, जोडा ईस्ट आयरन माइन और खोंडबोंड आयरन एवं मैंगनीज माइन को सोमवार को राजस्थान के जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित सम्मान समारोह में भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित स्टार रेटिंग पुरस्कार से सम्मानित किया गया. कंपनी की झारखंड स्थित नोआमुंडी आयरन माइन ने 7-स्टार रेटिंग पुरस्कार जीता. इसके साथ ही यह सम्मान पाने वाली भारत की तीन खदानों में से एक बन गई. नोवामुंडी ने लगातार आठ वर्षों तक 5-स्टार रेटिंग प्राप्त की है और जोडा ईस्ट को चौथी बार 5-स्टार खदान का दर्जा दिया गया है.
टाटा स्टील की खोंडबॉन्ड आयरन और मैंगनीज खदान को अपना पहला 5-स्टार रेटिंग पुरस्कार मिला. खान मंत्रालय द्वारा प्रदान की जाने वाली स्टार रेटिंग प्रणाली परिचालन दक्षता, पर्यावरण प्रबंधन, सुरक्षा मानकों, सामुदायिक जुड़ाव और टिकाऊ प्रथाओं के आधार पर खनन कार्यों का आकलन करती है. केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
ओएमक्यू के महाप्रबंधक अतुल कुमार भटनागर और चीफ नोवामुंडी डी विजयेंद्र ने नोवामुंडी लौह खदान के लिए पुरस्कार प्राप्त किया. चीफ जोडा इस्ट राजेश कुमार ने जोडा ईस्ट आयरन माइन के लिए पुरस्कार प्राप्त किया. खोंडबोंड के प्रमुख जी वी सत्यनारायण और ओएमक्यू के योजना प्रमुख अवनीश कुमार ने खोंडबोंड खदान के लिए पुरस्कार प्राप्त किया.

