
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील के लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस में हुए हादसे में मृत 34 वर्षीय ठेकाकर्मी सुनील कुमार सिंह की विधवा को प्रतिमाह 35000 रुपये पेंशन के रुप में मिलेगा. लगातार दो दिनों तक चली मैराथन बैठक के बाद बुधवार को टाटा स्टील, राइट्स लिमिटेड व परिजन के बीच सहमति बन गयी. सहमति के मुताबिक मासिक पेंशन में 10000 रुपये टाटा स्टील तथा 25 हजार रुपये राइट्स लिमिटेड का अंशदान होगा. यह राशि मृत ठेका मजदूर के 60 वर्ष की आयु पूरा होने तक मिलेगा. इसके अलावा बीमा राशि के रुप में 2.5 लाख रुपये तथा मुआवजा के रुप में करीब 7 लाख रुपये दिया जाएगा.
इस तरह करीब 9.50 लाख रुपये मुआवजा व 35 हजार रुपये मासिक पेंशन पर सहमति बनने के बाद परिजन गुरुवार को शव उठाने के लिए तैयार हो गये हैं. शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन गांव ले जाना चाहते हैं. उल्लेखनीय है कि सुनील कुमार सिंह, टीएंडएम सर्विसेज कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई द्वारा टाटा स्टील के वेंडर मेसर्स राइट्स लिमिटेड के लिए नियुक्त किए गए थे और मृतक की वर्तमान नियुक्ति टाटा स्टील जमशेदपुर में ही थी. रविवार व सोमवार की रात करीब 1.35 बजे लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस के इनबाउंड मार्शलिंग यार्ड में वैगनों के कंपलिंग के दोरान वैगन से कटकर सुनील की मोत हो गयी थी। सुनील कुमार सिंह बिहार के कैमूर जिले का रहनेवाला था.
