
* इस साल संस्थापक दिवस समारोह में टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के चेयरमैन एन चन्द्रशेखरन करेंगे शिरकत
* जुबिली पार्क में एक लाख फूलों से बनी रंगोली रतन टाटा को होगी समर्पित
* 2 मार्च को उदघाटन, 3 मार्च से शहरवासी जुबिली पार्क की लाइटिंग का कर सकेंगे दीदार
* जुबिली पार्क में एक दिन में एक लाख लोग आएंगे, तीन गेट से इंट्री और तीन से एक्जिट
* जमशेदपुर समेत टाटा स्टील के विभिन्न लोकेशनों के साथ ही 100 देशों में इस साल मनेगा संस्थापक दिवस समारोह
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील अपने संस्थापक जमशेदजी नौसेरवानजी टाटा की 187वीं जयंती (थर्ड मार्च) हर साल की तरह इस वर्ष भी जमशेदपुर में बड़े उत्साह के साथ मनाएगी. इस वर्ष संस्थापक दिवस का मुख्य थीम ‘वन विजन, वन टाटा स्टील’ है, जो कंपनी की सभी इकाइयों और सहायक कंपनियों में एकता, साझा दृष्टिकोण और भविष्य की दिशा को दर्शाता है. शहर को रोशनी से जगमगाने के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रमों से सजाया जा रहा है, जिसमें जुबिली पार्क में भव्य लाइटिंग, लेजर शो और विशेष रंगोली शामिल हैं. टाटा स्टील के वीपीसीएस डीबी सुंदरा रामम ने बताया कि टाटा स्टील का कारोबार दुनिया के सौ देशों में हैं. इन सभी देशों में संस्थापक दिवस समारोह मनेगा.

नोएल टाटा भी आएंगे
टाटा स्टील के वीपीसीएस डीबी सुंदरा रामम, टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल कुमार भटनागर और टाटा स्टील यूआईएसएल के सीनियर जीएम आरके सिंह ने बताया कि इस बार के उत्सव में कई प्रमुख टाटा ग्रुप लीडर शामिल होने वाले हैं, जिनमें टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन प्रमुख हैं. एन. चंद्रशेखरन 2 मार्च को जुबिली पार्क में लाइटिंग का उद्घाटन करेंगे. जुबिली पार्क को थर्ड मार्च से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. सीनियर जीएम आरके सिंह ने बताया कि जुबिली पार्क की लाइटिंग को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक पैदल चलकर देखा जा सकता है. रात 10 बजे से 11 बजे तक वाहनों के जरिए शहरवासी जुबिली पार्क के अंदर के नजारे का दीदार कर सकते है. जुबिली पार्क में लाइटिंग 6 मार्च तक रहेगी. 4 मार्च को होली के चलते जुबिली पार्क में आम लोगों का प्रवेश नहीं होगा. वैसे शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर लाइटिंग का नजारा देखा जा सकता है.
एक दिन में एक लाख लोग जुबिली पार्क आते हैं
सीनियर जीएम आरके सिंह ने बताया कि पिछले साल एक दिन में एक लाख लोग जुबिली पार्क की सजावट देखने पहुंचे. जुबिली पार्क में लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो और क्राउड कंट्रोल के लिए 200 पुलिस, 100 सुरक्षा में लगे जवान और 75 एनसीसी कैटेड्स लगे होंगे. यही नहीं वाच टावर के साथ 23 सीसीटीवी के जरिए लोगों की हर हरकत पर नजर रहेगी. जुबिली पार्क के गेटों में प्रवेश के दौरान डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर भी होगा, ताकि किसी तरह की आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.
इस साल झांकी नहीं
टाटा स्टील के वीपीसीएस डीबी सुंदरा रामम ने बताया कि थर्ड मार्च को पोस्टल पार्क और वर्क्स में होने वाले संस्थापक दिवस समारोह के दौरान कोई झांकी नहीं निकलेगी. शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि चेयरमैन से मिलेंगे. टाटा स्टील ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस उत्सव में शामिल होकर संस्थापक की विरासत को याद करें और ‘वन विजन, वन टाटा स्टील’ के संदेश को अपनाएं. पूरा शहर इस अवसर पर एकजुट होकर जमशेदजी टाटा के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
क्या होगा जुबिली पार्क में आकर्षण
लाइटिंग उद्घाटन: 2 मार्च 2026 को शाम 6:30 बजे.
सार्वजनिक लाइटिंग: 3 से 6 मार्च (4 मार्च को बंद), शाम 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक.
प्रवेश/निकास व्यवस्था: पैदल प्रवेश – साकची गेट, सीएफई गेट, निक्को जुबिली पार्क गेट (शाम 5:00 से 10:00 बजे तक). निकास – साकची गेट, सीएफई गेट, पारसी कॉलोनी गेट.
वाहन प्रवेश: रात 10:00 से 11:00 बजे तक निर्धारित रूट से.
लेजर शो: 3 से 6 मार्च (4 मार्च को छोड़कर) शाम 7:00, 7:45 और 8:30 बजे.
विशेष रंगोली: जेएन टाटा प्रतिमा के सामने रतन टाटा को समर्पित भव्य रंगोली बनाई गई है, जो दर्शकों को आकर्षित करेगी.
शहर भर में रोशनी
सड़कें: सीएफई राउंडअबाउट से सीएच एरिया, एयरपोर्ट तक, केएस लिंक रोड, रंकिणी मंदिर से कदमा थाना, पोस्टल पार्क से टाटा स्टील यूआईएसएल आदि प्रमुख सड़कें रोशन.
राउंडअबाउट: लेडी गांधी, सीएच एरिया, सेंटर पॉइंट, बेल्डीह चर्च, आदित्यपुर ब्रिज, एनटीटीएफ, जेबिली पार्क-साकची गेट सहित कई प्रमुख चौराहे.
इमारतें: टाटा वर्कर्स यूनियन ऑफिस, क्लॉक टावर (गोलमुरी), टीएमएच, टाटानगर रेलवे स्टेशन, एनटीटीएफ इंस्टीट्यूट आदि.
पार्क: जुबिली पार्क, सर दोराबजी टाटा पार्क, पोस्टल पार्क, भगवान बिरसा मुंडा पार्क, सेंचुरी पार्क (टिनप्लेट).
अन्य प्रमुख कार्यक्रम
पोस्टल पार्क, बिष्टुपुर में श्रद्धांजलि समारोह: 3 मार्च को सुबह 9:30 बजे. जनता के लिए सुबह 10:00 बजे से श्रद्धांजलि.
टेकएक्स 2026 (एसएनटीआई में 15वीं साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी): 2 मार्च को उद्घाटन, 3-5 मार्च तक खुली (4 मार्च को दोपहर 12 बजे तक). 35 प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित, थीम ‘वन टाटा स्टील’.
फाउंडर्स डे स्पोर्ट्स: 2-3 मार्च को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में. लगभग 350 प्रतिभागी, 33 इवेंट्स में ट्रांसपर्सन्स, स्पेशली-एबल्ड बच्चे, कॉर्पोरेट एक्जीक्यूटिव आदि शामिल. 3 मार्च दोपहर को फाइनल इवेंट्स.
सुरक्षा और सुविधाएं
पार्किंग: सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, साकची गेट के पास, बोधि टेम्पल ग्राउंड आदि.
सुरक्षा: लगभग 200 पुलिसकर्मी, 100 सिक्योरिटी पर्सनल, 75 एनसीसी कैडेट्स. 23 सीसीटीवी, 24 डीएफएमडी, वॉच टावर.
मेडिकल सहायता: एम्बुलेंस उपलब्ध.
हेल्पलाइन: कंट्रोल रूम – 9065535777; हेल्पलाइन – 9102400338, 9234551889.

