
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत की सबसे बड़ी एकीकृत बिजली कंपनियों में से एक टाटा पावर ने शुक्रवार को मुंबई स्थित अपने मुख्यालय में एनर्जी इनसाइट्स एंड इनोवेशन लैब (ईआईआईएल) का शुभारंभ किया है. यह रणनीतिक अनुसंधान पहल भारत के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में सहयोग देने के साथ-साथ पूरे भारत में उपभोक्ताओं के लिए बिजली सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सामर्थ्य में सुधार लाने के लिए अत्याधुनिक अनुसंधान, डेटा और प्रयोगों का उपयोग करने के लिए बनाई गई है.
ईआईआईएल, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई) और एलएसई स्थित वैश्विक अनुसंधान केंद्र, इंटरनेशनल ग्रोथ सेंटर (आईजीसी) के सहयोग से संचालित है. इस लैब का उद्देश्य भारत के बिजली क्षेत्र की गंभीर चुनौतियों का समाधान करना है. इनमें बिजली की चरम मांग का प्रबंधन करने से लेकर नवीकरणीय ऊर्जा को विश्वसनीय, किफायती और भारत के नेट-जीरो लक्ष्यों के अनुरूप एकीकृत करने तक की चुनौतियां शामिल हैं.

