
उदित वाणी, जमशेदपुर : बेहतर बोनस के लिए टाटा मोटर्स के जेनरल ट्रांसपोर्ट डिवीजन में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, ईआर की वरीय प्रबंधक आंचल सिन्हा, डिवीजन के वरीय पदाधिकारी अखिलेश तिवारी, ज्ञानदीप सिंह समेत यूनियन के तमाम पदाधिकारी, कमेटी मेंबर्स तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य मौजूद थे. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह समेत अन्य अतिथियों को अंग वस्त्र तथा फूलों का माला पहनाकर स्वागत किया गया. कार्यक्रम का संचालन अरविंद कुमार और धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद कुमार सिंह ने किया. स्वागत भाषण भारती रानी ने दिया.
कंपनी की उन्नति पर जोर
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि कंपनी की उन्नति हो इस बात पर सबों को ध्यान देने की जरूरत है. कंपनी की उन्नति से ही हम मजदूर भाईयों की उन्नति है. उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह आपसी मेल-जोल तथा प्रेम-भाव को प्रगाढ़ करने का एक माध्यम है. उन्होंने कहा कि जब कभी किसी मजदूर भाई पर कोई संकट आएं और मदद की आवश्यकता महसूस हो उस वक्त आप सब एकजुटता दिखाए. सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए उन्होंने जेनरल ट्रांसपोर्ट डिवीजन के प्रति आभार प्रकट किया. उन्होंने आगामी वेतन समझौता के लिए सुझाव भी आमंत्रित किया. कार्यक्रम को ईआर की वरीय अधिकारी आंचल सिन्हा और अखिलेश तिवारी समेत अन्य ने भी संबोधित किया.

