
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में टीएमएसटी तथा अप्रेंटिसशिप के पास 148 प्रशिक्षुओं के टाटा मोटर्स में नियोजन को लेकर यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का प्लांट हेड सुनील तिवारी के साथ वार्ता हुई. वार्ता के उपरांत यूनियन कार्यालय में सभी यूनियन पदाधिकारियों के संग अध्यक्ष व महामंत्री ने बैठक कर इस मामले को स्पष्ट किया.
महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि सभी 148 प्रशिक्षुओं को डिप्लोमा के उपरांत टाटा मोटर्स में ही नियोजित किया जाएगा. प्लांट हेड के साथ हुई वार्ता में इस मामले को लेकर स्पष्ट सहमति है कि इनका नियोजन टाटा मोटर्स में होगा. पिछले दिनों इन कर्मियों की ट्रेनिंग के दौरान इन कर्मियों के नियोजन को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही थी, जिसे प्लांट हेड के साथ बैठकर ठीक कर लिया गया है.

