
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत शनिवार 26 जुलाई को दोपहर 11.55 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार का चैम्बर आगमन होगा. इस दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती, पोटका के विधायक संजीव सरदार एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी उपस्थित रहेंगी जो कोल्हान के विकास पर सदस्यों को संबोधित करेंगी.
इसे लेकर नगर आरक्षी अधीक्षक कुमार शिवाशीष, बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश ठाकुर के अलावा स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों ने चैम्बर भवन का निरीक्षण किया. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि चैम्बर के प्लैटिनम जुबिली वर्ष चैम्बर के इतिहास में यादगार होगा और एक नया अध्याय जोड़ेगा. इस समारोह के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर चैम्बर सदस्य व्यवसाय उद्यम के नये अवसरों से रूबरू हो रहे हैं.
इसी के तहत झारखंड के राज्यपाल का आगमन भी चैम्बर भवन में हो रहा है जिनके स्वागत के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है. राज्यपाल के संबोधन में झारखंड के विकास से संबंधित विषय होंगे जो सदस्यों के लाभदायक होगा. चैम्बर के सभी पदाधिकारियों उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया एवं अन्य सदस्यों ने व्यापारियों उद्यमियों से आग्रह किया है वे राज्यपाल के कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों और इसका लाभ उठायें.

