
उदित वाणी,जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने बुधवार 6 अगस्त को चैम्बर भवन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड आंदोलन के पुरोधा, जनजातीय समाज के अमर सेनानी दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने हेतु एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया. इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल एक राजनेता, बल्कि झारखंड की आत्मा थे. उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, पहचान और सम्मान की लड़ाई में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया. उनके संघर्ष, तप और त्याग के बल पर ही झारखंड राज्य का सपना साकार हो सका. वे जनता के सच्चे सिपाही थे, जिनकी कमी सदैव खलेगी.
सभा के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इसके बाद सभी ने दिवंगत नेता को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष श्री पुनीत काउंटिया ने किया. सभा में चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल एवं पुनीत काउंटिया, सचिव अंशुल रिंगसिया, प्रीतम जैन एवं विनीत कुमार सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे. इसके साथ ही जमशेदपुर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन की ओर से जुगल किशोर महेश्वरी, दिलीप कुमार गोयल, निलेश वोरा एवं सरबजीत सिंह सोनी ने भी सभा में सम्मिलित होकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की.

