
उदित वाणी, आदित्यपुर : सिंहभूम इंडस्ट्री एसोसिएशन (सिया) द्वारा मोटल मधुवन, आदित्यपुर में उद्यमियों के लिए ऊर्जा बचत और लागत प्रबंधन के विषयों पर कार्यशाला आहूत की गई. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अदिति एडीईईटीआईई योजना से संबंधित इस कार्यशाला का प्राथमिक उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में बिजली की खपत को कम कर उत्पादन लागत में कटौती करना है. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेमरंजन ने कहा कि वर्तमान वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए ऊर्जा दक्षता की आधुनिक तकनीकों को अपनाना अनिवार्य है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सिया अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उद्योगों के लिए बढ़ती बिजली दरें और उत्पादन लागत एक बड़ी चुनौती है, जिसे सरकारी योजनाओं और स्मार्ट टेक्नोलॉजी के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है. कार्यशाला में विकास मुखर्जी, योगेन्द्र ठाकुर और रवि भारद्वाज जैसे विशेषज्ञों और वक्ताओं ने बिजली खपत को न्यूनतम स्तर पर लाने के व्यावहारिक उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. वहीं, एनर्जी ऑडिटर मधुमिता कौर और डॉ प्रत्याशा त्रिपाठी ने तकनीकी विषयों पर प्रकाश डाला. इस अवसर पर महासचिव उदय सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार घोष, ईईएसएल के वित्तीय अधिकारी मधुकर श्रीवास्तव सहित अन्य उद्यमी उपस्थित थे.

