
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से जेएनएसी के सहयोग से साकची में आयोजित ट्रेड लाइसेंस शिविर गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस शिविर में सैकड़ों व्यापारियों एवं नागरिकों ने पहुंचकर ट्रेड लाइसेंस से संबंधित अपने कार्यों का निपटारा कराया तथा सुविधा का लाभ उठाया. शिविर में जेएनएसी के पदाधिकारी अनय राज एवं अन्य पदाधिकारियों का सहयोग हेतु चैंबर द्वारा स्वागत किया गया. शिविर को संबोधित करते हुए चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर सदैव व्यापार जगत की समस्याओं के समाधान और प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने बताया कि लाइसेंस संबंधी कार्यों को लेकर व्यापारियों को बार-बार सरकारी दफ्तर न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया. उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि व्यापारिक वातावरण को सुगम बनाने की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण पहल है. व्यापारियों की लगातार मांग पर इस शिविर का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बाजार और क्षेत्रवार इस शिविर के आयोजन का प्रयास किया जाएगा. चैंबर द्वारा व्यापार की सुगमता हेतु ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे व्यापारीगण सीधे लाभान्वित होते रहें.
शिविर में उत्साहजनक भागीदारी
महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि शिविर में लोगों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और जेएनएसी टीम ने त्वरित सेवा प्रदान कर प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया. उन्होंने सभी सहयोगी अधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त किया. सचिव भरत मकानी ने कहा कि चैंबर का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करना है. उन्होंने आश्वस्त किया कि चैंबर भविष्य में भी इसी तरह व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी कार्यक्रम करता रहेगा.
कार्यक्रम के दौरान साकची रिटेल मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमनाथ तिवारी,संदीप बर्मन,महावीर मोदी समेत अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर चैंबर पदाधिकारियों का स्वागत किया एवं उन्हें इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु बधाई दी.शिविर में कुल 57 नए ट्रेड लाइसेंस दिए गए एवं 91000 रूपए एकत्रित किए गए. बाकी बचे लोगों को दस्तावेज की कमी के कारण वापस किया गया, जिनका लाइसेंस बाद में बनाया जाएगा.

