
उदित वाणी, गुवा : डीजीएम चाईबासा के तत्वावधान में तथा सेल गुवा-चिड़िया माइंस के मुख्य महाप्रबंधक चंद्र भूषण कुमार के मार्गदर्शन में सेल चिड़िया माइंस का 63वां खान सुरक्षा सप्ताह का फाइनल प्रचार-प्रसार कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन लाल फीता काटकर और सुरक्षा दीप प्रज्वलित कर महाप्रबंधक (खनन) एमओएम, चिड़िया के रवि रंजन ने किया.
इस अवसर पर जीएम (खनन) रवि रंजन, कार्यक्रम संयोजक आर.के. पात्री, यूसीआईएल टीम सदस्य आर.के. श्रीवास्तव, वाई.के. सिंह, अरुण कुमार, औशुमन बेहरा, डॉ. सुशांत कुमार एवं हरिहर महंत ने सेल कर्मियों और बच्चों द्वारा लगाए गए सभी स्टालों का निरीक्षण किया. स्थानीय मिडिल स्कूल के सुरक्षा पोस्टर, डीएवी चिड़िया स्कूल के सुरक्षा नारे, इस्को मिडिल स्कूल के नुक्कड़ नाटक, सेल श्रमिकों के मॉडल, सेल चिड़िया चिकित्सालय के मेडिकल और सीएसआर स्टॉल, तीरंदाजी व आपातकालीन सेवा प्रशिक्षण स्टॉलों की खूब सराहना की गई.

कार्यक्रम के दूसरे चरण में सभा का आयोजन हुआ, जहाँ अतिथियों का स्वागत डीएवी चिड़िया स्कूल के प्राचार्य डॉ. शिव नारायण सिंह, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा किया गया. स्वागत गीत, कब्बाली, नृत्य और फ्यूजन प्रस्तुति ने कार्यक्रम में रंग भर दिया. इस्को मध्य विद्यालय के छात्रों की प्रस्तुतियाँ भी विशेष रूप से सराहनीय रहीं.
विधुतमय वातावरण के बीच महाप्रबंधक रवि रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि बहुत जल्द सेल चिड़िया माइंस का पुनः संचालन शुरू होगा. उन्होंने कहा कि सुरक्षा हर कर्मचारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और सभी को सुरक्षा कवच अपनाना चाहिए. कार्यक्रम संयोजक आर.के. पात्री ने कहा कि स्वस्थ कामगार ही सुरक्षित रोजगार की नींव है. यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के प्रतिनिधि आर.के. श्रीवास्तव ने कहा कि हम प्रकृति के विपरीत कार्य करते हैं, इसलिए सुरक्षा का महत्व और बढ़ जाता है.
डॉ. सुशांत एवं डॉ. नीतू कुमारी ने धूल से होने वाली बीमारियों पर विस्तृत जानकारी दी. माइनिंग मेट देवेंद्र कुमार यादव द्वारा प्रस्तुत खान सुरक्षा गीत ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया.

डीएवी चिड़िया के बच्चों – तृप्ति, अन्वेशा मिश्रा, परीधि भारद्वाज, साक्षी, आकांक्षा जामुदा, प्रियंका शर्मा, राखी श्री, मनीष चांद, निता मुखी, पूजा कुमारी और अन्य छात्र-छात्राओं – ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं. कार्यक्रम का संचालन विज्ञान शिक्षक राकेश कुमार मिश्रा और शिक्षिकाओं मौमिता मजुमदार व मौसमी दास गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया.
अंत में धन्यवाद ज्ञापन उप महाप्रबंधक एस.एस. राव ने किया. जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने कड़ाके की ठंड में बच्चों की उत्साही भागीदारी और खान सुरक्षा थीम पर आधारित शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि सुरक्षा सप्ताह न केवल एक परंपरा, बल्कि कार्यस्थल की संस्कृति का आवश्यक हिस्सा है.
मौके पर विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों – समीर प्रधान, संतोष कुमार, सुजीत कुमार, एस.के. पांडेय, सुमित सेनापति, ललित महतो, आशीष झा, देवाशीष बेहरा, सुखेन प्रसाद, दीपक सीत, महेंद्र रविदास, गणेश मुखी, बलभद्र बिंधानी और दुलारी देवी – को आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते देखा गया.

