
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के जराइकेला थाना क्षेत्र के छोटा सागजुड़ी गांव में 15 जनवरी को नाला के पास मिली 50 वर्षीय तुलो महली के शव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोपी जॉन्सन कांडुलना को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी ओड़िशा के लाठीकटा का रहने वाला है और मृतका का रिश्ते में दामाद बताया जा रहा है.
मनोहरपुर डीएसपी जयदीप लकड़ा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 जनवरी को आरोपी जॉन्सन कांडुलना और मृतका तुलो महली ने साथ में शराब पी थी. इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की. महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे जबरन घसीटकर झाड़ियों में ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद सबूत छिपाने के इरादे से आरोपी ने शव को नाला के पास पुलिया के नीचे फेंक दिया.
डीएसपी ने बताया कि घटना की जांच के दौरान पुलिस को मौके से आरोपी का खैनी का डिब्बा और गले की रोजरी माला बरामद हुई. इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी. कड़ाई से पूछताछ करने पर जॉन्सन कांडुलना ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

