
उदित वाणी, चाईबासा : किरीबुरू मेन मार्केट स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान में गुरुवार को बड़ा खुलासा हुआ. एक उपभोक्ता द्वारा खरीदी गई रॉयल स्टेज ब्रांड की सीलबंद बोतल में मरा हुआ कीड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बोतल खोलते ही कीड़ा दिखने पर ग्राहक और उसके साथी सन्न रह गए.
प्रीमियम ब्रांड मानी जाने वाली रॉयल स्टेज की बोतल में इस तरह की गंदगी मिलने से उपभोक्ताओं में सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि किरीबुरू क्षेत्र में लंबे समय से कुछ शराब दुकानों पर नकली शराब की रीफिलिंग का संदेह बना हुआ है. खाली बोतलें इकट्ठा कर उनमें मिलावटी शराब भरने जैसी गतिविधियों की चर्चाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. इस घटना ने उन आशंकाओं को और मजबूत कर दिया है.
ग्राहक जब शिकायत लेकर दुकान पहुंचा, तो उम्मीद थी कि दुकानदार इस संबंध में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएगा, लेकिन दुकानदार बोतल देखकर घबरा गया और ग्राहक से “मामला बाहर न ले जाने” की गुहार लगाने लगा. इस रवैए से शक और गहरा गया कि सरकारी दुकान में भी कहीं न कहीं गड़बड़ी का खेल चल रहा है.
स्थानीय उपभोक्ताओं ने मांग की है कि दुकान की तुरंत जांच कराई जाए, स्टॉक का गुणवत्ता परीक्षण (क्वालिटी टेस्ट) किया जाए और यदि नकली शराब या रीफिलिंग का मामला साबित हो, तो जिम्मेदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो. लोगों का कहना है कि बढ़ती शराब कीमतों के बीच गुणवत्ता से समझौता नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए.
इस घटना पर सीटू नेता रमेश गोप ने गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा कि झारखंड सरकार की शराब नीति जनता के स्वास्थ्य के प्रतिकूल है. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेकर जांच सुनिश्चित करने की मांग की है.

