
उदित वाणी, चाईबासा : चाईबासा जिले के पांड्राशाली ओपी अंतर्गत चाईबासा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर बड़ा थलको गांव के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की जानकारी के अनुसार, चाईबासा की ओर से आ रहे एक ट्रक की सरायकेला दिशा से जा रही स्विफ्ट डिजायर कार (संख्या JH05AQ-4961) से जबरदस्त टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी प्रबल थी कि कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार सवार दूसरा व्यक्ति सदर अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज हेतु रेफर किया जा रहा है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. फिलहाल मृतकों व घायल की पहचान नहीं हो सकी है. सूचना मिलते ही पांड्राशाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. आगे की कार्रवाई जारी है.

