
उदितवाणी, चाईबासा : चाईबासा मुफ्फसिल थाना पुलिस ने शारदा गांव के पास एनएच-75ई से दो अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. इसी मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक और अपराधी शंकर बिरूवा को गिरफ्तार किया है.
शंकर बिरूवा मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ालागड़ा गांव का रहने वाला है, लेकिन वह तांबो बोदरा चौक के पास एक किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
हथियार का स्रोत वही निकला
चाईबासा एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि उन्होंने हथियार शंकर बिरूवा से खरीदे थे. पुलिस द्वारा शंकर के पास से भी उसी मॉडल का देसी पिस्टल बरामद हुआ, जिससे आरोप और मजबूत हो गए हैं.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने शंकर बिरूवा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की तह तक पहुंचने के लिए आगे की पूछताछ और छानबीन जारी है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.

