
उदित वाणी, बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पाथीरो पंचायत अंतर्गत महुलडांगरी गांव के रहने वाले सुकुमार पाल का पुत्र विकास पाल बीते शनिवार, 26 जुलाई को लगभग शाम 5 बजे घर से गोवा के लिए निकला था. विकास ने पहले बालेसर जाने की बात कही थी, जहां से उसे ट्रेन पकड़नी थी.
रात में मां से की आखिरी बातचीत
शनिवार की रात 10 बजे विकास ने अपनी मां से फोन पर बात की. उसने कहा, “मैं खाना खा रहा हूं, मोबाइल में चार्ज नहीं है. चार्ज लगाकर बाद में बात करूंगा.” यह उनकी आख़िरी बातचीत थी.
रविवार से बंद हो गया मोबाइल
रविवार सुबह, जब मां ने फिर से कॉल किया, तो मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा. शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि मोबाइल चार्ज पर है या वह ट्रेन में सो रहा होगा. लेकिन जब तय समय तक विकास गोवा स्टेशन नहीं पहुंचा, तब चिंता गहराने लगी.
गोवा में भी नहीं पहुंचा युवक
विकास को सोमवार, 28 जुलाई की शाम 5 बजे गोवा स्टेशन पहुंचना था. जब वहां उसके परिचित आंगन फागण इलाके के लोगों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि विकास अब तक गोवा नहीं पहुंचा है और किसी को उसकी कोई जानकारी नहीं है.
परिजनों की बढ़ती बेचैनी
विकास के लापता होने से परिजनों में गहरी चिंता है. उन्होंने संभावित सभी जगहों पर फोन कर तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.

