
उदित वाणी, धनबाद : झारखंड-बंगाल बॉर्डर के बराकर इलाके में क्रिकेट खेलते बच्चों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. छोटी झड़प थाने में शांत हुई, लेकिन असमाजिक तत्वों ने इसे राजनीतिक रंग देकर गोलीबारी और पत्थरबाजी शुरू कर दी. बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गए.
मैदान से थाने, फिर गोली-लाठी का हंगामा
बराकर के क्रिकेट मैदान पर बच्चों के झगड़े ने तूल पकड़ा और मामला थाने पहुंचा. शांति बहाल होते ही कुछ असामाजिक तत्वों ने दोनों पक्षों को भड़काया. अचानक दो गुट आमने-सामने हो गए, गोलीबारी हुई, पत्थर बरसे और हाथापाई शुरू हो गई. स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर तितर-बितर किया.
हाथापाई में कई ग्रामीण जख्मी हुए. तनाव देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बॉर्डर क्षेत्र में छोटे विवाद भी बड़े हादसे का रूप ले लेते हैं. पुलिस ने शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है. इलाका अब भी तनावग्रस्त है.

