
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड में आगामी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सभी दलों ने रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है. इसी क्रम में मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी जमशेदपुर पहुंचे. उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रायशुमारी की.
इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भूपेंद्र मरावी का गर्मजोशी से स्वागत किया. बैठक में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के साथ मौजूद रहे. बताया गया कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है.
रायशुमारी बैठक में प्रदेश सह प्रभारी ने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली और संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुटता का संदेश दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में मजबूती से तैयारी करने का आह्वान भी किया.
गौरतलब है कि जमशेदपुर के मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं. हालांकि राज्य सरकार की ओर से चुनाव को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है, क्योंकि मामला फिलहाल हाई कोर्ट में विचाराधीन है.

