
उदित वाणी, जमशेदपुर : नेशनल हेराल्ड से जुड़े यंग इंडियन मामले में कांग्रेस नेतृत्व को कोर्ट से राहत मिलने के बावजूद कांग्रेस का केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है. गुरुवार को जमशेदपुर में जिला कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, जिसे देखते हुए प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया.
कांग्रेसियों ने करीब एक घंटे तक सड़क पर डटे रहकर केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. वहीं बैरिकेडिंग के दूसरी ओर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी झंडे और लाठियां लिए उतर आए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तनावपूर्ण स्थिति बन गई. पुलिस-प्रशासन की सतर्कता से कोई अनहदी न हुई.
कांग्रेस जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल केंद्र सरकार राजनीतिक बदले की भावना से कर रही है और विपक्ष को डराने का प्रयास हो रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरी है.
भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पलटवार करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड भ्रष्टाचार का मामला है, जिसे कांग्रेस राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह कर रही है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और भाजपा कानून के शासन पर भरोसा रखती है.
करीब एक घंटे के हंगामे के बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से दोनों पक्ष शांत हुए और स्थिति सामान्य हो गई.

