
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा के खेड़ुआ टोला पलमा निवासी समाजसेवी सह टाटा स्टील फाउंडेशन के कर्मचारी गदाधर माझी (बास्के) का रविवार रात करीब 12.20 बजे हृदयगति रुकने से निधन हो गया. उनकी उम्र 57 वर्ष थी. लो प्रेशर की शिकायत पर उन्हें 29 नवंबर को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली.
वे अपने पीछे पत्नी अनला बास्के, एक पुत्र व दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं. उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. गदाधर माझी सामाजिक कार्यों के साथ-साथ शिक्षा और रोजगार क्षेत्र में भी सक्रिय रहे. उन्होंने कई युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया और मार्गदर्शन दिया.
टाटा स्टील की सीएसआर इकाई टाटा स्टील रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी से वे 90 के दशक में जुड़े थे. शुरुआत में उन्होंने पशु चिकित्सक के रूप में सेवा दी और बाद में कृषि विकास परियोजनाओं में भी अहम भूमिका निभाई. उनका कार्यक्षेत्र पटमदा, बोड़ाम और सरायकेला जिले का राजनगर प्रखंड रहा.
गदाधर माझी पटमदा के बेलटांड़ चौक पर स्थित अपने कार्यालय से सामाजिक गतिविधियों का संचालन करते थे. उनके आकस्मिक निधन पर टाटा स्टील फाउंडेशन के अधिकारी-कर्मचारियों समेत पटमदा विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, ग्राम प्रधान बृंदावन दास, श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति लावा (बेलटांड़) के अध्यक्ष ईशान चंद्र गोप, महासचिव विजय कुमार मंडल, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद मंडल और बुद्धिजीवी मंच पटमदा के अध्यक्ष गोपाल कुमार सहित बड़ी संख्या में लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

