उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना अंतर्गत कैरिज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती में मंगलवार देर शाम पुलिस ने कुख्यात अपराधी शाहबाज और उसके एक सहयोगी को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस्ती में उसके ठिकाने को चारों ओर से घेर लिया. कार्रवाई की भनक मिलते ही आसपास हलचल तेज हो गई और बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंचकर छापेमारी का विरोध करने लगीं. महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए विवाद को शांत कराया और अभियान जारी रखा.
पुलिस के अनुसार शाहबाज पर बर्मामाइंस, कदमा और परसुडीह थाना क्षेत्रों में पिछले महीनों के दौरान हुई फायरिंग और भय फैलाने वाली कई घटनाओं में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं. इन मामलों के उजागर होने के बाद से वह फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था. देर रात मिली सटीक सूचना के बाद टीम ने कैरिज कॉलोनी में दबिश दी और विरोध तथा तनाव के माहौल के बीच उसे उसके सहयोगी समेत गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी के दौरान पुलिस ने शाहबाज के पास से तीन अवैध हथियार बरामद किए हैं. अधिकारियों के मुताबिक शाहबाज लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाली घटनाओं में सक्रिय रहा है और उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों की कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है. पुलिस उससे पूछताछ कर शस्त्र आपूर्ति, अन्य सहयोगियों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आपराधिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. पुलिस ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके.


