उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र में एक युवती को प्रेम संबंध का झांसा देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरूलिया रोड निवासी दानिस अंसारी ने युवती से नजदीकी बढ़ाकर उसका विश्वास जीता और इसी दौरान उसका अश्लील फोटो अपने मोबाइल में कैद कर लिया. बाद में उसने फोटो को वायरल करने की धमकी देकर युवती से मोटी रकम की मांग शुरू कर दी. युवती द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने 18 अक्टूबर को फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
फोटो वायरल होने के बाद भी दानिस युवती को लगातार धमकाता रहा और कहा कि अगर रकम नहीं दी गई तो वह और भी फोटो और वीडियो सार्वजनिक कर देगा. इससे मानसिक रूप से परेशान युवती ने परिजनों को पूरी बात बताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दानिस अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में एक अन्य युवक नासिश अंसारी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि फोटो वायरल करने और धमकी देने से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकें. थानेदार के अनुसार, यह मामला साइबर अपराध और महिला की निजी गरिमा को ठेस पहुंचाने से जुड़ा हुआ है, इसलिए सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आरोपी पर आईटी एक्ट, ब्लैकमेलिंग और महिला शोषण से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत थाने में शिकायत करें और किसी भी तरह की धमकी या ब्लैकमेलिंग के आगे झुकें नहीं. परिवार और समाज को भी ऐसे समय में पीड़िता का साथ देना चाहिए.


