
उदित वाणी, मनोहरपुर : सेल-संबद्ध डीएवी पब्लिक स्कूल, चिड़िया के मेधावी एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की नेशनल गेम्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है. विद्यालय की तीन छात्राएं—कक्षा 9 की राखीश्री नाग, कक्षा 10 की प्रार्ची नाग और कक्षा 10 की दिव्यांशी समद—ने खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि दर्ज की.
इन तीनों छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से डीएवी सीएमसी द्वारा 5100 रुपए की चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया. प्राचार्य डॉ. शिव नारायण सिंह ने क्रीड़ा शिक्षक सुमित सेनापति, हिन्दी शिक्षक कर्ण सिंह आर्य और भौतिकी शिक्षक आर. के. मिश्रा की उपस्थिति में विजेता छात्राओं को चेक प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
नेशनल लेवल स्पोर्ट्स सत्र 2024-25 के अंतर्गत अंडर-17 बालिका वर्ग में राखीश्री नाग ने कराटे में गोल्ड मेडल हासिल कर डीएवी चिड़िया की पहचान राज्य स्तर पर स्थापित की. वहीं कक्षा 10 की प्रार्ची नाग और दिव्यांशी समद ने तीरंदाजी (आर्चरी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया.

अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रार्ची नाग ने कुल चार पदकों में से तीन गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता, जबकि दिव्यांशी समद ने दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल अर्जित किए. विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्राचार्य ने उन्हें क्लस्टर लेवल, जोनल लेवल और नेशनल लेवल तक पहुँचने के लिए बधाई दी.
प्राचार्य डॉ. शिव नारायण सिंह ने कहा कि कराटे और तीरंदाजी जैसे खेल आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं. निरंतर अभ्यास से विद्यार्थी आत्मविकास और अनुशासन की दिशा में आगे बढ़ते हैं. उन्होंने छात्रों की सफलता का श्रेय क्षेत्रीय रीजनल पदाधिकारी रेखा कुमारी, राष्ट्रीय निदेशक डॉ. बीर सिंह, सेल चिड़िया के महाप्रबंधक रवि रंजन, विकास दयाल और कई पदाधिकारियों को दिया.
मौके पर विद्यालय के शिक्षक मौसमी दास गुप्ता, समीर प्रधान, संतोष कुमार, सुजीत कुमार, एस. के. पांडेय, मोमिता मजूमदार, ललित महतो, संजू कुमारी, वर्षा विश्वकर्मा, जितेंद्र त्रिवेदी, किशोर झा, तनमोय चटर्जी, अभय सिन्हा, संदीप चक्रवर्ती, आशीष झा, देवाशीष बेहरा, नित्यानंद भकत और सुखेन प्रसाद उपस्थित थे. शिक्षकेत्तर कर्मियों में दीपक सीत, महेंद्र रविदास, गणेश मुखी, बलभद्र बिंधानी और दुलारी देवी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया.

