
उदित वाणी, कोलाबीरा : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया रेलवे स्टेशन रोड स्थित रीना फैशन स्टोर में शुक्रवार देर शाम कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. युवकों द्वारा गाली-गलौज एवं हंगामा किए जाने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिन्हें देखकर सभी युवक मौके से फरार हो गए.
दुकान संचालिका ने बताया कि इससे पूर्व भी अष्टमी की रात युवकों द्वारा दुकान में हंगामा किया गया था, लेकिन उस वक्त मामला शांत हो गया था. दुकानदार के अनुसार, शुक्रवार शाम को फिर से वही युवक दुकान में आए और गाली-गलौज करते हुए उत्पात मचाया.
इधर, युवकों के परिजनों का कहना है कि अष्टमी की रात हुई घटना के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन अब फिर से इस तरह की घटना क्यों हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है.

