
उदित वाणी, आदित्यपुर : दुर्गा पूजा महोत्सव शुरु होने के पूर्व हीं आदित्यपुर नगर निगम के स्ट्रीट लाईट का स्टॉक खत्म हो गया है. जबकि संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या स्ट्रीट लाईट खराब पड़े हुए हैं, जिन्हें पूजा से पूर्व दुरुस्त करने की बात नगर निगम के द्वारा कही गई थी. परिणामस्वरुप नगर निगम का सभी स्ट्रीट लाईट को दुरुस्त करने का आश्वासन ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है.
भाजपा नेता सह आदित्यपुर_02 के मार्ग संख्या 7 स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा के लाइसेंसी सतीश शर्मा ने बताया कि दुर्गा पूजा के पूर्व ही आदित्यपुर नगर निगम में नया स्ट्रीट लाईट का स्टॉक खत्म हो गया. जबकि पूरे नगर निगम क्षेत्र में अभी भी हजारों की संख्या में स्ट्रीट लाईट खराब पड़े हुए है. यहां तक कि पूजा पंडाल के आस_पास का क्षेत्र एवं पूजा पंडाल का पहुंच पथ का लाईट भी खराब पड़ा हुआ है.
श्री शर्मा ने आदित्यपुर नगर निगम के पदाधिकारियों के ऊपर स्ट्रीट लाईट मरम्मती मामले में आदित्यपुर की जनता के साथ_साथ जिला के उच्च पदाधिकारियों को भी भ्रमित करने का आरोप लगाया तथा कहा कि ननि क्षेत्र में कुल 35 वार्डो के लिए मात्र 3 सौ लाइटें खरीदी गई. जबकि ननि क्षेत्र में हजारों की संख्या में स्ट्रीट लाईट खराब है, जहां नये लाईट लगाने की आवश्यकता है. जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा की तैयारी को लेकर कई बैठके हुई, जिसमें मैं भी शामिल हुआ.
हर बैठक में स्ट्रीट लाईट खराब होने की समस्या को लोगो ने प्रमुखता से उठाया और हर बार आदित्यपुर नगर निगम के पदाधिकारी द्वारा यह आश्वस्त किया गया कि दुर्गा पूजा के पूर्व सभी स्ट्रीट लाईट को ठीक कर दिया जाएगा. लेकिन अब आदित्यपुर नगर निगम के पदाधिकारी स्ट्रीट लाईट का स्टॉक खत्म होने का रोना रोकर कन्नी काट रहे हैं.

