
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के दामोदरपुर टोला रागडीह में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां नवविवाहिता अष्टमी किस्कू (25) ने 10 दिन पहले हुई शादी के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे अष्टमी ने घर के दूसरे कमरे में जाकर दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली. परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत उसे फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल ले गए. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अष्टमी की शादी 15 अगस्त को एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा निवासी कुश मुर्मू से हुई थी. पति कुश ने बताया कि अष्टमी शादी के बाद बीते शनिवार को अपने मायके आई थी. सोमवार की सुबह अचानक उसने यह कदम उठा लिया.
इधर, मायके पक्ष का कहना है कि अष्टमी बचपन से ही शिक्षिका बनना चाहती थी. स्नातक पूरा करने के बाद उसने बीएड भी किया था. उसकी आकांक्षाएं अधूरी रह गईं.
फिलहाल, बोड़ाम पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

