
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने थाना के समीप विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान प्रेशर हॉर्न, काला शीशा और नाम बोर्ड लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई. अभियान के तहत कई चारपहिया वाहनों को काले शीशे (ब्लैक फिल्म) के साथ पकड़ा गया. मौके पर ही ट्रैफिक पुलिस ने काली फिल्म उखाड़ दी और वाहन मालिकों से जुर्माना वसूला.
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, काला शीशा और प्रेशर हॉर्न पर 1000 रुपए का चालान काटा गया, जबकि नाम बोर्ड लगे वाहनों से 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया. अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग दर्जनभर वाहनों को पकड़ा और चालान की कार्रवाई पूरी की.
अधिकारियों ने बताया कि काला शीशा अपराध और सड़क हादसों की बड़ी वजह बनता है, वहीं प्रेशर हॉर्न सड़क पर ध्वनि प्रदूषण और लोगों की परेशानी का कारण है. इसी प्रकार, नाम बोर्ड लगे वाहन नियमों का उल्लंघन करते हैं. पुलिस का कहना है कि शहर में लगातार इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए तो और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन मालिकों और राहगीरों में जागरूकता का संदेश गया.

