
उदित वाणी, जमशेदपुर: बागबेड़ा स्थित अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान में नेचर संस्था द्वारा संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम की छात्राओं को टाटा स्टील फाउंडेशन के डिजिटल लिटरेसी मिशन के तहत एक दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें सी. एस. पी. सिंह, डॉ कविता परमार और डी मंजू उपस्थित रहीं. डॉ कविता परमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में छात्राओं और महिलाओं का डिजिटली साक्षर होना बेहद जरूरी है. उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे गंभीरता से इस प्रशिक्षण को लें, क्योंकि डिजिटल तकनीक के सही उपयोग से न केवल स्वयं का विकास किया जा सकता है, बल्कि आसपास के लोगों की भी मदद की जा सकती है.
एक दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आधार कार्ड अपडेट, डाउनलोड, पता या जन्मतिथि में बदलाव, आधार वैधता जांच, बैंक स्टेटस पता करना, वोटर कार्ड बनाना या उसमें सुधार करना, आयुष्मान कार्ड बनाना, झारसेवा पोर्टल से जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र बनाना, मोबाइल सुरक्षा के तहत लोकेशन ट्रैकिंग और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में टाटा स्टील फाउंडेशन से डी मंजू, अनील कुमार और वीरेंद्र यादव शामिल हुए. प्रशिक्षकों में अजय कुमार और शोभा यादव ने महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं.
डॉ कविता परमार ने टाटा स्टील फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भविष्य में और अधिक महिलाओं को डिजिटल साक्षरता से जोड़ने की आवश्यकता है.

