उदित वाणी जमशेदपुर। घाटशिला से झामुमो के विधायक और पार्टी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के अध्यक्ष रामदास सोरेन ने शुक्रवार को राज्य की हेमंत सरकार में मंत्री के रूप में पद की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची स्थित राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नवनियुक्त मंत्री रामदास सोरेन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मौके पर मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री हफिजुल हसन, मंत्री दीपक बिरुआ, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सविता महतो, विधायक निरल पूर्ति, विधायक दशरथ गागराई, विधायक समीर मोहंती, विधायक संजीव सरदार, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सुखराम उरांव, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बताते चलें कि चंपाई सोरेन के हेमंत सरकार से इस्तीफा से खाली हुए मंत्री पद पर रामदास सोरेन को लाया गया है। चंपाई ने 28 अगस्त को मंत्री पद और झामुमो की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। रामदास सोरेन के मंत्री बनने के साथ है सरकार में 12 मंत्रियों के होने का कोटा भी पूरा हो गया है।


