मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टिनप्लेट कंपनी की विस्तार परियोजना के ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में हुए शामिल
टीसीआईएल कंपनी की क्षमता 4,15,000 टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर 7,15,000 टन प्रति वर्ष करने की योजना
पहले चरण में लगभग 2000 करोड़ रुपए का निवेश होगा, वर्ष 2026 तक बढ़ी क्षमता के साथ होगा उत्पादन
उदित वाणी जमशेदपुर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को दी टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड की विस्तारीकरण परियोजना की आधारशिला रखी. इस मौके पर उन्होंने कहा कि बहुत जल्द जमशेदपुर में होटल ताज और रांची में टाटा स्टील द्वारा निर्मित टाटा कैंसर हॉस्पिटल लोगों के लिए खुलेगा. इससे शहर और राज्य की जनता के साथ बाहर के लोगों को भी फायदा होगा.
सीएम ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह कार्य ससमय पूरा होगा जिससे यहां प्रत्यक्ष रूप से एक हजार और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 5 से 6 हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा. सरकार की सोच हमेशा से रही है कि राज्य में उद्योग लगेंगे तो रोजगार सृजन होगा. हमारी सरकार बनने के बाद उद्योग नीति बनी, इसी के तहत राज्य में टाटा घराना यह निवेश कर रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज टाटा समूह की टिनप्लेट कंपनी का विस्तारीकरण किया जा रहा है.
राज्य के विकास में टाटा का अहम योगदान
राज्य के विकास में टाटा समूह की बड़ी भूमिका रही है. सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक घरानों से सम्बंध और मजबूत हो. इसके लिए हर संंभव प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक नीति के माध्यम से देश के बड़े औद्योगिक घरानों को राज्य में निवेश के लिए प्रेरित कर रही है. औद्योगिक निवेश से राज्य में रोजगार सृजन होगा.
दो-तीन साल पहले दिल्ली में हुआ था एमओयू : टीवी नरेंद्रन
टाटा स्टील के सीईओ सह प्रबंध निदेशक (एमडी) टीवी नरेंद्रन ने कहा कि टिनप्लेट कंपनी के इस प्रोजेक्ट के लिए दो-तीन साल पहले दिल्ली में एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ था. यह प्रोजेक्ट जमशेदपुर और टाटा स्टील के लिए काफी महत्वपूर्ण है. टाटा स्टील लगातार आगे बढ़ रही है. टिनप्लेट कंपनी का 100 साल का इतिहास है. यह स्टील पैकेजिंग के क्षेत्र में भारत में नंबर वन कंपनी है. जमशेदपुर में टाटा समूह का जिंजर होटल है. जमशेदपुर में बहुत जल्द ताज का भी होटल आने वाला है. रांची में टाटा कैंसर हॉस्पिटल बनकर तैयार है, जो बहुत जल्द लोगों के लिए शुरू हो जाएगा.
समारोह में ये रहे मौजूद
मंत्री चंपाई सोरेन, मंत्री Ÿबन्ना गुप्ता, विधायक सरयू राय, विधायक रामदास सोरेन, विधायक सबिता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक संजीव सरदार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, उपायुक्त विजया जाधव, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, मैनेजिंग डायरेक्टर -सह- मुख्य कार्य पदाधिकारी टी भी नरेंद्रन, चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी, एमडी टीसीआईएल आर एन मूर्ति एवं अन्य उपस्थित थे.


