
उदित वाणी, रांची : सिमडेगा जिले के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक निर्यात खेप यूनाइटेड किंगडम (लंदन) भेजी गई है। इस उपलब्धि का उल्लेख आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात के दौरान किया।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड (रांची) में हुई इस मुलाकात में यह जानकारी दी गई कि बिरसा हरित ग्राम बागवानी योजना के अंतर्गत महिला समूह न केवल आम का उत्पादन कर रही हैं, बल्कि उसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहुँचा रही हैं। इस निर्यात की अगुवाई झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के महिला जागृति एवं बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी ने की है।
यह सिमडेगा के किसानों और महिला-नेतृत्व वाले किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की वैश्विक पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक के दौरान महिला समूह की प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सिमडेगा का आम्रपाली आम भी भेंट किया। इस मौके पर सिमडेगा की विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी और कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने व महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयत्नशील है। सरकार की प्राथमिकताओं में किसानों को अच्छा मूल्य दिलाना, महिलाओं को नई पहचान देना तथा कृषि निर्यात को बढ़ावा देना शामिल है।

