
उदित वाणी, चतरा: चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिद्धौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 7 लाख रुपये मूल्य की अफीम के साथ तस्कर उदय दांगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान आरोपी को पकड़ा गया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य तस्करों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

