उदित वाणी जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के नूतनडीह गांव में 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गांव निवासी बुद्धेश्वर सिंह की पुत्री माला सिंह का शव शनिवार को घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, माला सिंह 21 मई की शाम घर से तालाब में नहाने जाने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर एक पेड़ से युवती का शव लटका देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
मृतका बोड़ाम स्थित लायलम स्कूल की कक्षा नौवीं की छात्रा थी। उसकी मौत की खबर से स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में भी शोक व्याप्त है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।


